श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के पूजित अक्षत और आमंत्रण पत्र जिला के विभिन्न प्रखंडों को भेजा गया
श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के पूजित अक्षत और आमंत्रण पत्र जिला के विभिन्न प्रखंडों को भेजा गया
अयोध्या में नव निर्मित श्री राम जन्म भूमि मंदिर में 22 जनवरी 2024 को प्रस्तावित प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सभी सनातन धर्मावलंबियों को आमंत्रित करने के लिए अयोध्या से आई पूजित अक्षत, आमंत्रण पत्र और पत्रक आज 23 अक्षत कलशों में जिला के विभिन्न तेईस प्रखंडों में भेजा गया। इस अक्षत से तैयार अक्षत कलशों को निमंत्रण पत्र और पत्रक के साथ शीघ्र ही प्रखंडों के द्वारा सभी पंचायतों में भेजा जाएगा। सभी अक्षत कलशों को प्रखंड और पंचायत मुख्यालय के विभिन्न मंदिरों में 31 दिसंबर तक आम जनता के दर्शन और पूजा पाठ के लिए रखा जायेगा। इस बीच प्रखंडों के द्वारा प्रत्येक पंचायत से पांच व्यक्ति और प्रत्येक गांव से तीन व्यक्तियों की सूची तैयार की जाएगी, जिन्हें 01 जनवरी से 15 जनवरी तक अक्षत के साथ घर-घर निमंत्रण पत्र और पत्रक पहुंचने की जिम्मेदारी दी जाएगी।आज जिला और विभिन्न तेईस प्रखंडों के लिए आमंत्रण पत्र वितरण हेतु संयोजक और सह संयोजक की घोषणा की गई।
इसके पूर्व राजा भाऊ स्मृति भवन मेदिनीनगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और इसके अनुशांगिक इकाइयों की एक समन्वय बैठक हुई, जिसमें विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत बौद्धिक प्रमुख माननीय ज्वाला प्रसाद जी और पलामू विभाग कार्यवाह राजीव सिंह ने मार्गदर्शन दिया। विहिप प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह जी ने बताया कि यह निमंत्रण पत्र वितरण कार्यक्रम राम जन्मभूमि आंदोलन की पूर्णाहुति कार्यक्रम है। प्राण प्रतिष्ठा के दिन जिला के 2100 स्थान पर विश्व हिंदू परिषद के द्वारा कार्यक्रम किए जाएंगे। प्रत्येक गांव और पंचायत मुख्यालय पर मंदिर केंद्रित कार्यक्रम में अयोध्या में हो रहे कार्यक्रम को बड़े स्क्रीन पर दिखलाया जाएगा। जब अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद वहां आरती की जाएगी तो सभी गांव और पंचायत के लोग एक साथ स्वर में स्वर मिलाकर आरती करेंगे। प्रांत बौद्धिक प्रमुख ज्वाला प्रसाद जी ने बताया कि उस दिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम जैसे अखंड, भजन, कीर्तन इत्यादि का आयोजन कर पूरे वातावरण को राम मय बनाया जाए। रात्रि के दौरान 22 जनवरी को पूरे देश में भव्य दिवाली का आयोजन किया जाए। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता प्रत्येक मंदिर में दीप प्रज्वलन अनिवार्य रूप से करेंगे। विभाग कार्यवाह राजीव सिंह जी ने सभी कार्यकर्ताओं को प्रभु के इस पुनीत कार्य में लग जाने के लिए अनुरोध किया।
आज के कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष उमेश अग्रवाल, जिला मंत्री दामोदर मिश्र, विभाग मंत्री कुमार गौरव, सह मंत्री महेंद्र नाथ, विभाग संगठन मंत्री विजय यादव, जिला कार्यवाह अमितेश्वर दयाल, त्रिपुरारी तिवारी, अश्वनी मिश्र, दिनेश गुप्ता, विहिप जिला सेवा प्रमुख गोपाल तिवारी, जिला प्रचार प्रसार प्रमुख सुरेश वर्मा, बजरंग दल जिला संयोजक संदीप प्रसाद गुप्ता, जिला बलो पासना प्रमुख विकास कुमार कश्यप, विश्व हिंदू परिषद नगर अध्यक्ष दीपक प्रसाद, नगर बजरंग दल सह संयोजक दिलीप गिरी, अमलेश पासवान, हिमांशु पाण्डेय, संस्कार सोनी, बिरेंद्र जी, सोनू सिंह, सुनील विश्वकर्मा, बिट्टू जौन, राजीव सिंह, रौशन मेहता, मनदीप विश्वकर्मा इत्यादि की सहभागिता रही।
