सीताराम साव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर भरनो में तीन दिवसीय वार्षिक कार्यशाला का शुभारंभ,शिक्षा के साथ संस्कार पर जोर

सीताराम साव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर भरनो में तीन दिवसीय वार्षिक कार्यशाला का शुभारंभ,शिक्षा के साथ संस्कार पर जोर।

भरनो(गुमला):- भरनो प्रखंड स्थित सीताराम साव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, भरनो के सभागार में मंगलवार को तीन दिवसीय वार्षिक कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के अध्यक्ष किशोर साहू,सचिव श्रीकांत केशरी एवं प्रधानाचार्य सुरेश कुमार राय ने संयुक्त रूप से भारत माता एवं मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया।कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान और वंदना के साथ हुई, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक और प्रेरणादायी हो गया।इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और कार्यशाला के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।मौके पर अध्यक्ष किशोर साहू ने अपने संबोधन में आचार्यों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।उन्होंने सभी शिक्षकों से आग्रह किया कि वे तन-मन से विद्यार्थियों (भैया-बहनों) के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करें और विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का विकास भी अत्यंत आवश्यक है।मौके पर सचिव श्रीकांत केशरी ने कहा कि इस विद्यालय में बच्चों को केवल पाठ्यक्रम की शिक्षा ही नहीं,बल्कि संस्कार,अनुशासन और नैतिक मूल्यों की भी शिक्षा दी जाती है।यही कारण है कि यहां के छात्र समाज में एक बेहतर नागरिक के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं।उन्होंने सभी आचार्य-आचार्याओं से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।वहीं प्रधानाचार्य सुरेश कुमार राय ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह तीन दिवसीय कार्यशाला शिक्षकों के ज्ञानवर्धन,शिक्षण कौशल में सुधार और नई शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के लिए आयोजित की गई है।इससे शिक्षकों को अपने अनुभव साझा करने और शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार लाने का अवसर मिलेगा। कार्यशाला के आगामी दिनों में विभिन्न शैक्षणिक सत्र,प्रशिक्षण कार्यक्रम और विचार-विमर्श का आयोजन किया जाएगा,जिससे शिक्षकों को नई दिशा और ऊर्जा प्राप्त होगी।कार्यक्रम में संयुक्ता देवी,पूनम सारंगी,मुकेश कुमार शाही,संतोष तिवारी,लिविंग केरकेट्टा,वीरेंद्र कुमार,धर्मेंद्र सिंह,सुद्धेश्वर साहू,ज्योति पांडेय सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।