संत मरियम आवासीय विद्यालय में नामांकन प्रक्रिया तेज, अभिभावकों की उमड़ी भीड़
संत मरियम आवासीय विद्यालय में नामांकन प्रक्रिया तेज, अभिभावकों की उमड़ी भीड़
मेदिनीनगर। नए शैक्षिक सत्र के प्रारंभ से पहले जिले के विभिन्न विद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया जोरों पर है। अभिभावक अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहतर विद्यालयों की तलाश में जुटे हैं। इसी कड़ी में झारखंड के प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में शामिल संत मरियम आवासीय विद्यालय, नावाटोली में नामांकन को लेकर अभिभावकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
रविवार को आयोजित प्रवेश परीक्षा में सैकड़ों छात्रों ने भाग लिया। विद्यालय परिसर में सुबह से ही अभिभावकों की लंबी कतारें देखी गईं, जो इस विद्यालय की लोकप्रियता और गुणवत्ता को दर्शाती हैं।
विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने बताया कि विद्यालय शुरू से ही विद्यार्थियों को समग्र शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि यहां न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता पर ध्यान दिया जाता है, बल्कि बच्चों के नैतिक मूल्यों और संस्कारों के विकास को भी प्राथमिकता दी जाती है।
उन्होंने विशेष रूप से बताया कि आवासीय विद्यालय में सुरक्षित एवं उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पिछले 20 वर्षों में विद्यालय ने अपनी उत्कृष्ट शिक्षा और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के माध्यम से अभिभावकों का गहरा विश्वास जीता है। यही कारण है कि आज लगभग 800 छात्र छात्रावास में निवास करते हैं, जबकि 4000 से अधिक विद्यार्थी विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
वहीं विद्यालय के प्राचार्य कुमार आदर्श ने जानकारी दी कि नया शैक्षिक सत्र 2 अप्रैल से प्रारंभ होगा, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि अब तक बड़ी संख्या में छात्रों का नामांकन सुनिश्चित किया जा चुका है।
हालांकि, आवासीय परिसर में सीमित सीटों के कारण हर वर्ष केवल 100 नए छात्रों को ही छात्रावास में प्रवेश दिया जा पाता है।
विद्यालय में उमड़ती भीड़ और अभिभावकों का उत्साह यह स्पष्ट करता है कि संत मरियम आवासीय विद्यालय शिक्षा, संस्कार और सुरक्षा के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बना चुका है।

