सांसद प्रतिनिधि मनोनीत होने के बाद संजय जायसवाल परिवार संग पहुंचे बाबा टांगीनाथ धाम, क्षेत्र की खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद
सांसद प्रतिनिधि मनोनीत होने के बाद संजय जायसवाल परिवार संग पहुंचे बाबा टांगीनाथ धाम, क्षेत्र की खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद
महुआडांड
चतरा लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद कालीचरण सिंह द्वारा वरिष्ठ भाजपा नेता संजय जायसवाल को महुआडांड अनुमंडल क्षेत्र का सांसद प्रतिनिधि मनोनीत किया गया है। जिम्मेदारी मिलने के उपरांत संजय जायसवाल अपने परिवार के साथ प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बाबा टांगीनाथ धाम पहुंचे और बाबा का विधिवत दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।
आस्था के साथ नई पारी की शुरुआत
सांसद प्रतिनिधि के रूप में अपनी नई पारी की शुरुआत करते हुए संजय जायसवाल ने बाबा टांगीनाथ धाम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उनके साथ परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर बाबा के चरणों में माथा टेकते हुए महुआडांड अनुमंडल क्षेत्र के समस्त नागरिकों की सुख-शांति, समृद्धि, खुशहाली और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
जनता की आवाज बनेंगे जायसवाल
इस अवसर पर संजय जायसवाल ने कहा कि सांसद कालीचरण सिंह ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा—
“बाबा टांगीनाथ का आशीर्वाद लेकर मैं यह संकल्प लेता हूँ कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को पूरी मजबूती के साथ सक्षम पटल पर रखूँगा। महुआडांड अनुमंडल क्षेत्र के हर गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना हमारी प्राथमिकता होगी।”
उन्होंने आगे कहा कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा।


