सड़क सुरक्षा परिवहन विभाग के कार्यक्रम में समाजसेवी अख्तर अंसारी को किया गया सम्मानित
सड़क सुरक्षा परिवहन विभाग के कार्यक्रम में समाजसेवी अख्तर अंसारी को किया गया सम्मानित
मनिका- लीड एजेंसी सड़क सुरक्षा, परिवहन विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम में मनिका प्रखण्ड क्षेत्र के चौकियां निवासी अख्तर अंसारी को सम्मानित किया गया। बीते सात वर्षों से अख्तर अंसारी अपने निजी वाहन से सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने का निस्वार्थ कार्य करते आ रहे हैं। उनके इसी मानवीय और सराहनीय योगदान को देखते हुए परिवहन विभाग द्वारा उन्हें सम्मान प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा, दुर्घटना रोकथाम, यातायात नियमों के पालन और आपातकालीन सहायता से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाना कई बार उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाता है।
सम्मान मिलने पर अख्तर अंसारी ने कहा कि वे इसे अपना सामाजिक दायित्व मानते हैं और आगे भी बिना किसी स्वार्थ के जरूरतमंदों की मदद करते रहेंगे। इस अवसर पर परिवहन विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक एवं प्रतिभागी उपस्थित थे।

