रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया मनरेगा का जेई, धनबाद एसीबी की बड़ी कार्रवाई
रिश्वत लेते रंगे हाथ धराया मनरेगा का जेई, धनबाद एसीबी की टीम ने राजधनवार में की कार्रवाई, गिरफ्तारी के बाद जेई जमीन पर लेटा, कड़ी मशक्कत के बाद टीम गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई धनबाद
राजधनवार, गिरिडीह, नीतू कुमारी
गिरिडीह. गिरिडीह जिले के राजधनवार में धनबाद एसीबी की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है. एसीबी की टीम ने धनवार बाजार स्थित एक जेवर दुकान के पास से मनरेगा के जेई अंकुश कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. जेई की गिरफ़्तारी टीम ने पूरे फिल्मी अंदाज़ में की है, जिसके बाद धनवार बाजार में कुछ देर के लिए अफ़रा- तफ़री का माहौल उत्पन्न हो गया. वंही गिरफ्तारी के बाद जेई अंकुश दुकान के पास सो गए, जिसके बाद टीम के साथ मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने उसे पकड़ लिया और गिरफ्तार कर अपने साथ धनबाद के गई. बताया गया कि जेई अंकुश ने मनरेगा योजना से जुड़े एक योजना में लाभुक को राशि भुगतान कराने के एवज में पाँच हजार रुपये की रिश्वत माँगी थी. इसी के बाद लाभुक ने इस मामले की शिकायत धनबाद एसीबी की टीम से की थी. जिसके बाद आज जेई अंकुश कुमार को तय जगह पर रिश्वत की राशि देने के लिए लाभुक पहुंचा था और जैसे ही उसे रिश्वत की राशि दी गई तो एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और अपने साथ ले गई. हालांकि कुछ लोगों ने अंकुश को छूडाने का भी प्रयास किया. इधर अंकुश कुमार की गिरफ़्तारी को कुछ लोगों ने एक साजिश बताया और कहा कि अंकुश को जबरन पैसा दिया जा रहा था और उसे जानबूझ कर फँसाया गया है. फ़िलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अंकुश को कितनी रकम लेते हुए पकड़ा गया है.

