रंगों की उमंग में झूमा संत मरियम आवासीय विद्यालय, होली उत्सव धूमधाम से संपन्न
रंगों की उमंग में झूमा संत मरियम आवासीय विद्यालय, होली उत्सव धूमधाम से संपन्न
समरसता के रंग से ही मजबूत बनता है समाज : चेयरमैन
मेदिनीनगर। संत मरियम आवासीय विद्यालय में होली उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर रंगों, संगीत और खुशियों से सराबोर रहा।
विद्यालय के चेयरमैन श्री अविनाश देव ने सभी विद्यार्थियों को अबीर-गुलाल लगाकर आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि यह प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला पावन पर्व है। हमें अपने जीवन में सकारात्मकता, अनुशासन और संस्कारों के रंग भरने चाहिए। जैसे विभिन्न रंग मिलकर सुंदर चित्र बनाते हैं, वैसे ही विविधता में एकता हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। विद्यार्थी जीवन में आपसी सम्मान, सहयोग और सद्भाव बनाए रखना ही सच्ची होली है।
हमारा उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर संस्कार, नेतृत्व क्षमता और मानवीय मूल्यों का विकास करना है। आप सभी जीवन में ऊँचाइयों को छुएं और अपने परिवार तथा संस्थान का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं, जिसने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने होली गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया और सभी छात्र-छात्राएं उमंग में झूमते नजर आए।
उक्त अवसर पर छात्रावास अधीक्षक उत्कर्ष देव, ओंकार नाथ तिवारी, शिक्षक प्रवीण दुबे, समन्वयक रोशन राज, सुधांशु दुबे, विकास विश्वकर्मा एवं श्याम किशोर पांडे सहित अन्य शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

