रणदीप सुरजेवाला का हरियाणा सरकार पर निशाना
अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन की तरफ से भारतीय रोजगार रिपोर्ट 2024 जारी की गई है. चुनावी तैयारियों के बीच आई रिपोर्ट दर्शाती है कि भारत में युवाओं की बेरोजगारी की समस्या तेजी से बढ़ती जा रही है.
इसी रिपोर्ट का हवाला देते हुए हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा सरकार को घेरा है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि हरियाणा में बेरोज़गारी से युवा पलायन को मजबूर, 55% युवा पढ़े लिखे हरियाणा छोड़ जा रहे. बीजेपी सरकार बेख़बर, युवा निराश और बेजार. अब बदलेंगे ऐसी युवा विरोधी सरकार.
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की भी आई थी प्रतिक्रिया
इससे पहले कांग्रेस के कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रतिक्रिया सामने आई थी. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि हमारे युवा मोदी सरकार की दयनीय उदासीनता का खामियाजा भुगत रहे हैं, क्योंकि लगातार बढ़ती बेरोजगारी ने उनका भविष्य बर्बाद कर दिया है.और रिपोर्ट निर्णायक रूप से कहती है कि भारत में बेरोजगारी की समस्या गंभीर है. लेकिन, मोदी सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार यह कहकर प्रिय नेता का बचाव करते हैं कि सरकार बेरोजगारी जैसी सभी सामाजिक, आर्थिक समस्याओं का समाधान नहीं कर सकती.मोदी सरकार के तहत नौकरियों की भारी कमी के कारण कांग्रेस-यूपीए सरकार की तुलना में कम युवा अब आर्थिक गतिविधियों में शामिल हैं. 2012 की तुलना में मोदी सरकार में युवाओं की बेरोजगारी दर तीन गुना हो गई है. कांग्रेस नेताओं की तरफ से बीजेपी सरकार से बेरोजगारी की समस्या को गंभीरता से लेने की अपील की गई है.
