रामनवमी पर रावण दहन में पुष्पवर्षा से होगा रामभक्तों का स्वागत,अष्टमी पर सेवा-स्टाल लगाने का निर्णय

रामनवमी पर रावण दहन में पुष्पवर्षा से होगा रामभक्तों का स्वागत,अष्टमी पर सेवा-स्टाल लगाने का निर्णय

रामनवमी उत्सव को भव्य और भक्तिमय बनाने के लिए खुला मंच व्हाट्सएप ग्रुप की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मंच की ओर से इस वर्ष रावण दहन कार्यक्रम के दौरान रामभक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा जिससे पूरा वातावरण श्रद्धा,उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा से सराबोर हो उठेगा।यह निर्णय सोमवार देर शाम मंच के कार्यालय में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष नवदीप सिंह ऋषि ने की जबकि संचालन रामनवमी उत्सव के प्रभारी अमित सिन्हा ने किया।अध्यक्ष ने कहा कि रामनवमी केवल धार्मिक पर्व नहीं बल्कि समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का अवसर भी है। उन्होंने सभी सदस्यों से आयोजन को अनुशासन, सेवा-भाव और सौहार्द के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान मंच के नए सदस्यों आशीष भारद्वाज, विकास सिंह और किशोर सिन्हा का स्वागत किया गया।वहीं पूर्व सदस्य एवं वार्ड आयुक्त धीरेन्द्र पाण्डेय तथा रविशंकर गुप्ता के पुनः मंच से जुड़ने पर उन्हें भी सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया।सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से इस वर्ष का आयोजन पहले से अधिक भव्य और सुव्यवस्थित होगा।
निर्णय के अनुसार रामनवमी के अवसर पर अष्टमी के दिन सुबह डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद चौक(छहमुहान)पर सेवा-स्टाल लगाया जाएगा।इस स्टाल के माध्यम से श्रद्धालुओं और रामभक्तों को सेवा प्रदान की जाएगी।भक्तों के लिए ग्लूकोज़ युक्त शीतल जल, शरबत, बिस्किट तथा लीची का रस उपलब्ध कराया जाएगा ताकि जुलूस और पूजा-अर्चना के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।मंच के सदस्यों ने इसे सेवा और समर्पण का छोटा प्रयास बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से सहयोग की अपील की।
बैठक में मंच के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी नवीन तिवारी,कोषाध्यक्ष राहुल मिश्रा,सह-कोषाध्यक्ष रितेश कुमार ‘टिंकू’,विनीत सिंह,बब्लू चावला,प्रभात अग्रवाल,मनीष ओझा,अरविंद अग्रवाल,कोमल कुमार,चंदन पाल सिंह सहित कई सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि रामनवमी का यह आयोजन सामाजिक एकता,आस्था और सेवा-भाव का प्रतीक बनेगा।
मंच के पदाधिकारियों ने आमजन से भी आग्रह किया है कि वे आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे शांतिपूर्ण, गरिमामय तथा यादगार बनाने में सहयोग करें।