राँची महाधर्मप्रांत के पुरोहितों ने मनाया क्रिसमस गैदरिंग
मंगलवार, दिसम्बर 23, 2025, राँची: आज राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के पुरोहितों ने संत योसेफ क्लब राँची में क्रिसमस गैदरिंग मनाया। इस क्रिसमस गैदरिंग के मुख्य आयोजक राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद रहे जिन्होंने सभी उपस्थित पुरोहितों संग मिस्सा बलिदान अर्पित किया।

क्रिसमस बिल्कुल निकट है, लोगों की तैयारी, घरों की साफ़ सफाई एवं सजावट चरम सीमा पर है। डॉ कामिल बुल्के पथ भी रंग बिरंगे लाईट्स से सज कर तैयार है। चारों ओर क्रिसमस गैदरिंग मनाया जा रहा है और लोग एक दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दे रहे हैं। ऐसा ही शुभावसर आज संत योसेफ क्लब राँची में बना, जहां राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के सभी पुरोहितों ने क्रिसमस गैदरिंग मनाया। राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद की अगुवाई में इस क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन किया गया।
यह क्रिसमस गैदरिंग सिर्फ़ उत्सव एवं आनंद का नहीं, बल्कि क्रिसमस के लिए आध्यात्मिक तैयारी का भी समय रहा। सर्वप्रथम पवित्र साक्रामेंत की आराधना की गई और इस दरम्यान सभी पुरोहितों ने पाप स्वीकार संस्कार में भाग लेकर अपने आप को पवित्र किया। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने अपने आध्यात्मिक संबोधन में अपने जीवन में सेवा भाव अपनाए रखने का आह्वान किया। इसके पश्चात सभी ने पाप स्वीकार किया एवं अपने आप को पवित्र कर क्रिसमस के लिए तैयार किया। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद की अगुवाई में सभी ने मिस्सा बलिदान में भाग लिया एवं फ़ाo जेवियर मिंज के लिए विशेष प्रार्थना अर्पित किया गया क्योंकि उन्होंने अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश किया। मिस्सा के अंत में महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने फाo जेवियर मिंज को शॉल ओड़ा कर एवं फूल गुच्छ देकर सम्मानित किया एवं जन्म दिन की बधाईयां दीं। महाधर्माध्यक्ष ने चरनी की आशीष की एवं सभी ने मिल कर क्रिसमस कैरोल गया। अंत में महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने सभी को क्रिसमस उपहार प्रदान किया एवं क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं।
इस क्रिसमस गैदरिंग में राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, रांची काथलिक के विकास जनरल फ़ा० आनंद डेविड खलखो, फ़ा० अल्बर्ट लकड़ा,फाo लूकस रूडा, फ़ा० रॉबर्ट मिंज, फ़ा० बिपिन काण्डुलना, फ़ा० शिशिर सुरीन एवं अन्य पुरहितगण उपस्थित रहे।
