पत्रकार राजीव कुमार के साथ पुलिस ने किया मारपीट
पत्रकार राजीव कुमार के साथ पुलिस ने किया मारपीट
लातेहार।चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक मामला प्रकाश में आया है जहां पत्रकार सह एआईएसएम जर्नलिस्ट एसोसिएशन के लातेहार जिला महासचिव राजीव कुमार के साथ पुलिस ने मार पीट करते हुए दो घंटे हाजत में बंद रखा। घटना के बाद से पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है।
घटना के संबंध में पीड़ित पत्रकार राजीव कुमार उरांव ने बताया कि वह पत्रकारिता के साथ साथ परिवार का भरण पोषण करने के लिए रात में इंदिरा गांधी चौक के समीप अपना चाय स्टॉल लगाते हैं। शनिवार देर रात दो पुलिस वाहन ठेला के सामने रुके।
कुछ जवान गाड़ी से उतरकर चाय पीने लगे उन्हीं में से एक जवान दुकान के सामने पेशाब करने लगा जब मेरे द्वारा उनसे कहा गया कि यहां पर दुकान है थोड़ा आगे बढ़कर पेशाब कर लीजिए। इतना कहते ही वे गुस्से में आग बबूला हो गए और अपने साथियों के साथ तमतमाते हुए मेरे नजदीक आये और गर्म चाय को मेरे ऊपर फेंक दिया।
इसके बाद मेरे साथ हाथापाई करने लगे। इतने पर से भी उनलोगों का मन नहीं भरा तो वे लोग मुझे बोलेरो वाहन से उठाकर चंदवा थाना ले गए जहां मुझे बिना किसी जुर्म के हाजत में बंद कर दिया गया। इस दौरान चंदवा थाना में भी एक पुलिस कर्मी जो सिविल ड्रेस में था उसके द्वारा भी मेरे साथ दुर्व्यवहार करते हुए गाली गलौज किया गया।
पीड़ित पत्रकार ने जिले के एसपी अंजनी अंजन से दोषी पुलिस कर्मियों पर करवाई की मांग की है। इधर घटना की सूचना मिलते ही पत्रकारों में रोष व्याप्त है। पत्रकारो ने कहा कि अगर चौबीस घंटे के अंदर दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे लोग मजबूरन आंदोलन को बाध्य होंगे।
