पत्नी से कहासुनी के बाद नशे में युवक ने पेड़ पर लगाई फांसी, गांव में छाया मातम
पत्नी से कहासुनी के बाद नशे में युवक ने पेड़ पर लगाई फांसी, गांव में छाया मातम
बिशुनपुर थाना क्षेत्र के चिपरी रानी टोली की घटना, मुखिया बोले – नशा समाज के लिए गंभीर खतरा
बिशुनपुर (गुमला) – बिशुनपुर थाना क्षेत्र के चिपरी रानी टोली स्थित ढाड़ी डीपा टोला में बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहाँ 17 वर्षीय युवक संजू उरांव ने महुआ के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना के समय युवक नशे की हालत में था और अपनी पत्नी से खाना खाने को लेकर कहासुनी के बाद यह कदम उठाया।
मृतक के पिता समेल उरांव ने बताया कि संजू बुधवार शाम नशे में घर आया था। उसने अपनी पत्नी से जल्दी खाना देने को कहा, जिस पर दोनों के बीच हल्की नोकझोंक हुई। इसके बाद गुस्से में संजू घर से बाहर निकल गया और थोड़ी दूरी पर स्थित महुआ के पेड़ में पत्नी के दुपट्टे से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
पत्नी सुलेखा कुमारी ने बताया कि, “वह नशे में था। जब मैंने खाना निकालने की बात कही तो वह अचानक गुस्सा कर बाहर चला गया। मैंने सोचा थोड़ी देर में लौट आएगा, पर जब वह देर तक नहीं आया तो मैं और मेरी सास उसे ढूंढने निकलीं। तभी हमने घर से कुछ दूरी पर मोबाइल की लाइट जलती देखी। जब पास गए तो देखा कि वह पेड़ में दुपट्टे से लटका हुआ है।”
सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया रामप्रसाद बड़ाईक मौके पर पहुंचे और उन्होंने गुरुवार सुबह पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पहुंचकर शव को नीचे उतारा, पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेजा।
मुखिया रामप्रसाद बड़ाईक ने कहा कि, “नशा आज हमारे समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है। यह न केवल परिवार को तोड़ रहा है, बल्कि युवाओं का जीवन भी खत्म कर रहा है। हमें अपने बच्चों और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करना होगा ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।”
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। ग्रामीणों ने इस दुखद घटना की निंदा करते हुए संजू उरांव के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

