पतंजलि योग समिति द्वारा धूमधाम से मनाया गुरु पूर्णिमा उत्सव

0
d5846676-2412-4c87-be68-897bd3377a86

पतंजलि योग समिति द्वारा धूमधाम से मनाया गुरु पूर्णिमा उत्सव

योगाभ्यास, हवन यज्ञ एवं गुरु दक्षिणा कार्यक्रम का किया गया आयोजन

गढ़वा : पतंजलि योग समिति सह भारत स्वाभिमान न्यास द्वारा रविवार को पुरानी बाजार स्थित आर्य समाज मंदिर प्रांगण में गुरु पूर्णिमा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ योग गुरु स्वामी रामदेव जी महाराज की तस्वीर के समक्ष सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। सर्वप्रथम महिला जिला प्रभारी चंचल सिंह द्वारा लोगों को योग प्राणायाम के अभ्यास कराया गया। द्वितीय सत्र में यज्ञ आचार्य नंदलाल गुप्ता के द्वारा हवन यज्ञ संपन्न कराया गया। तीसरे सत्र में बीएसटी जिला प्रभारी नागेंद्र तिवारी के द्वारा गुरु पूजन सह गुरु दक्षिणा कार्यक्रम संपन्न कराया गया। इस अवसर पर उन्होंने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विश्व में योग का परचम लहराने वाले योग गुरु स्वामी रामदेव जी महाराज के प्रति कृतज्ञ भाव के साथ उन्हें साक्षी मानकर नियमित योग करने का संकल्प दिलाया। समिति के संरक्षक ब्रजेश कुमार मिश्र ने कहा कि आज का दिन हम सभी सनातनी हिंदू धर्मावलंबी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने गुरु का अर्थ विस्तार से समझाते हुए कहा कि जो अंधकार से प्रकाश की ओर अज्ञानता से ज्ञान की ओर ले जाने का कार्य करता है वही गुरु है। मानव जीवन में जन्म से माता-पिता प्रथम गुरु होते हैं और जीवन के प्रत्येक क्षण में हमें गुरु की आवश्यकता होती है, मानव को मानव धर्म का ज्ञान देने का कार्य हमें गुरु द्वारा मिलता है। यदि गुरु नहीं हो तो मनुष्य पशु के समान इस धरा पर रह जाता है। आज का दिन उन तमाम जीवन के गुरु को कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। यह संदेश हम सभी सनातनियों के लिए मिल का पत्थर साबित हो इस आशय से आज का यह कार्यक्रम कराया गया। जिसमें झारखंड सोशल मीडिया के राज्य प्रभारी संतोष पांडे, भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक कन्हैया लाल प्रसाद, योग साधक श्रवण, गोपाल, सूर्य देव दुबे, रामनरेश प्रसाद, शिवनारायण यादव, आजीवन सदस्य कैलाश सोनी, संरक्षक सत्यनारायण दुबे, योग शिक्षक संतोष प्रसाद, जयप्रकाश मिश्रा, इंदु उपाध्याय, सच्चिदानंद उपाध्याय, केपी गुप्ता, इन्दु भूषण मिश्रा, मेराल बीएसटी प्रभारी बलराम शर्मा, एसबी एकेडमी के निदेशक मदन यादव सहित बड़ी संख्या में महिला पुरुष योग साधक शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *