पोजेंगा के पास स्कूटी-कार की जोरदार टक्कर, 17 वर्षीय युवक गंभीर घायल
पोजेंगा के पास स्कूटी-कार की जोरदार टक्कर, 17 वर्षीय युवक गंभीर घायल
गुमला – पालकोट थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में 17 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान चैनपुर करंट टोली निवासी पाऊल बिलुंग (17 वर्ष), पिता अनिल भूषण बिलुंग के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार पाऊल बिलुंग गुरुवार दोपहर अपने घर से मोबाइल बनवाने के लिए पोजेंगा जाने की बात कहकर निकला था। बताया जा रहा है कि वह अपने एक दोस्त से मिलने झिकीरिमा की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे पोजेंगा गांव के समीप सिमडेगा की ओर से आ रही एक कार ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार पाऊल बिलुंग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लगी है और दाहिना हाथ भी टूट गया है। वहीं कार का अगला हिस्सा भी दुर्घटना में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल पालकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया।
फिलहाल सदर अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

