पलामू से दिल्ली तक गूंजा रेल मांगों का स्वर, सांसद विष्णु दयाल राम ने रेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन
नई रेल सेवाओं की दरकार, पलामू से दिल्ली तक गूंज उठी आवाज — झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन की मांग पर सांसद विष्णु दयाल राम ने रेल मंत्री को सौंपा पत्र
मेदिनीनगर।
पलामू प्रमंडल के लाखों रेल यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग को गंभीरता से लेते हुए झारखंड के लोकप्रिय सांसद श्री विष्णु दयाल राम जी ने त्वरित पहल करते हुए देश के माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को विस्तृत मांग पत्र प्रेषित किया है। यह मांग पत्र झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन की ओर से सौंपा गया था, जिसमें क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी सुधारने हेतु अहम मांगों को प्रमुखता से उठाया गया है। रेल कनेक्टिविटी से वंचित पलामू प्रमंडल को लेकर एसोसिएशन के प्रवक्ता सत्यम श्रीवास्तव,मीडिया प्रभारी अंकु सिंह राणा ने बताया कि पलामू प्रमंडल के गढ़वा, लातेहार, डालटनगंज सहित पूरे इलाके के लोग आज भी सीमित रेल सेवाओं के कारण परेशान हैं। खासकर धार्मिक, व्यावसायिक और सामाजिक दृष्टिकोण से रेल कनेक्टिविटी का अभाव क्षेत्र के विकास में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। तीन अहम मांगें — यात्रियों की आवाज बनी
एसोसिएशन ने मांग पत्र के माध्यम से चोपन-देवघर रात्रि एक्सप्रेस की नियमित शुरुआत, रक्सौल-रांची एक्सप्रेस को नेपाल बॉर्डर तक कनेक्टिविटी के साथ वाया सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, आरा, सासाराम, डालटनगंज संचालित करने, 03379/80 धनबाद-एलटीटी एक्सप्रेस, को स्थायी रूप से नियमित करने की जोरदार मांग की है। माननीय सांसद विष्णु दयाल राम जी ने पलामू की जनता की इस महत्वपूर्ण मांग को न सिर्फ गंभीरता से लिया, बल्कि बिना देरी किए रेल मंत्री को पत्र लिखकर इन मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह भी किया। सांसद ने कहा कि सीमावर्ती और पिछड़े पलामू प्रमंडल को देश की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बेहतर, सुविधाजनक और नियमित रेल सेवाएं अत्यंत आवश्यक हैं। इससे न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और धार्मिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी। झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन ने भरोसा जताया है कि केंद्र सरकार पलामू प्रमंडल के लाखों यात्रियों की जरूरतों और भावनाओं का सम्मान करते हुए जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
