पलामू में जमीन विवाद में बुजुर्ग की टांगी से काटकर हत्या, आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार
पलामूः जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के हीरा सिकनी में 70 वर्षीय बुजुर्ग विश्वनाथ रजवार की टांगी से काटकर हत्या कर दी गई है. पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में एक 16 वर्ष के नाबालिग को निरुद्ध किया है. मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है.
जमीन विवाद में हुई थी हत्या
दरअसल, पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के हीरा सिकनी के रहने वाले विश्वनाथ रजवार का अपने गोतिया कपिल रजवार के साथ लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा था. होली के दिन शराब के नशे में कपिल रजवार और विश्वनाथ रजवार के बीच बहस हुई थी. इसी क्रम में विश्वनाथ रजवार की टांगी से काटकर हत्या कर दी है. घटना की जानकारी मिलने के बाद हुसैनाबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है.
मामले में मृतक के परिजनों ने विश्वनाथ रजवार और उनके बेटों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है. पुलिस ने जांच के बाद हत्या के आरोपी कपिल रजवार और उसके बेटे आनंद रजवार को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया है.
थाना प्रभारी ने की पुष्टि
इस संबंध में हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि जमीन के विवाद में हत्याकांड को अंजाम दिया गया है. हत्या के दो आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है. पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि लंबे समय से दोनों के बीच जमीन का विवाद चल रहा था.

