पलामू के संकेत को यूट्यूब पर वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए किया सम्मानित,

पलामू के संकेत को यूट्यूब पर वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए किया सम्मानित 23 सितंबर 2023 को 23 घंटे में 23-23 मिनट लेंथ के 23 वीडियो किए अपलोड
मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित पोखराहा गांव का युवा संकेत को यूट्यूब पर बनाए गए एक अनोखे वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए सम्मानित किया गया। संकेत का वर्ल्ड रिकॉर्ड कभी भी नहीं तोड़ा जा सकेगा। अनोखे वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए संकेत कुमार को पिछले दिनों कोलकाता में सम्मानित किया गया। इंक जाइड फाउंडेशन नामक संस्था ने संकेत कुमार को सम्मानित किया। संस्था देश भर में लोगों के बनाए गए अनोखे रिकॉर्ड को संधारण करती है। संकेत ने बताया कि कोरोना काल के दौरान घर में रहते हुए कुछ करने की लालसा जागी। यूट्यूब के माध्यम से वीडियो बनाकर अपलोड करना शुरू किया। मन मुताबिक परिणाम नहीं आया तो काम छोड़ दिया। दुबारा मोटीवेशन बनाकर काम शुरू किया तो सबसे पहले यह जानने का प्रयास किया कि कैसे यूट्यूब पर सफल हुआ जा सकता है। मन में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का ख्याल आया। उन्होंने अपना यूट्यूब चैनल मिस्टर डीटीओ एक्सपेरिमेंट के माध्यम से 23 सितंबर 2023 को 23 घंटे में 23-23 मिनट लेंथ के 23 वीडियो अपलोड किए। यूट्यूब में इतने कम समय में सिलसिलेवार ढंग से पहली बार इतने विडियो अपलोड किया गया था। देखते-देखते यह वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया। बताया कि यह रिकॉर्ड इसलिए कोई नहीं तोड़ सकता क्योंकि 23 सितंबर 2023 दोबारा कभी नहीं आ सकता। यह अनबॉर्केबल रिकॉर्ड बन गया है। संकेत को वर्ल्ड रिकॉर्ड के अलावा ग्रैंड मास्टर ख़िताब भी दिया गया है। संकेत के कई अन्य चैनलों को भी पुरस्कार मिले हैं। उन्होंने वर्ल्ड रिकार्ड व ग्रैंड मास्टर का ख़िताब सोशल मीडिया से जुड़कर काम करने वाले पलामू के युवाओं को समर्पित किया है। इन कार्यो को मान्यता देते हुए यूट्यूब ने उन्हें सिल्वर बटन दिया है। संकेत का सपना है कि वह झारखंड का नंबर वन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बन जाएं। विश्वास है कि वे 2024 के अंत तक इन्फ्लुएंसर बनकर दिखाएंगे। फिलहाल अपने सात चैनल के साथ यूट्यूब पर काम कर रहे हैं। वे कंपनी के माध्यम से लोगों को यूट्यूब से जुड़ी सुविधा भी प्रदान कर रहे हैं। इसके लिए वे सात युवाओं को अपने साथ जोड़ रखे हैं।