पांकी विधानसभा में विकास कार्यों को लेकर सांसद प्रतिनिधि ने किया प्रेस कॉन्फ्रेंस
पांकी विधानसभा में विकास कार्यों को लेकर सांसद प्रतिनिधि ने किया प्रेस कॉन्फ्रेंस
कई योजनाएं प्रगति पर: ललित मेहता
पांकी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें सांसद कालीचरण सिंह के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में हो रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सांसद के जिला प्रतिनिधि ललित मेहता ने बताया कि सांसद निधि से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की योजनाओं की अनुशंसा की गई है, जिसमें से करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और कई कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में श्मशान घाट, तालाबों में सीढ़ी, छठ घाट निर्माण, पीसीसी सड़क एवं सड़क मरम्मत जैसे कार्य ग्रामीणों की मांग के अनुरूप कराए जा रहे हैं। सभी योजनाएं पारदर्शी तरीके से संचालित हो रही हैं।
ललित मेहता ने अखबारों में प्रकाशित कम प्रगति के आंकड़ों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वास्तविकता में कई कार्य पूरे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर पोर्टल पर रिपोर्ट अपडेट नहीं होने के कारण प्रगति प्रतिशत कम दिखाई दे रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी कार्यों की अपडेटेड रिपोर्ट सामने आएगी।
उन्होंने आगे बताया कि लोहरसी और कसमार क्षेत्र में बैंक खोलने के लिए वित्त मंत्रालय को पत्र भेजा गया है, वहीं कोनवाई में बैंक खोलने की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा फोरलेन सड़क, केंद्रीय विद्यालय, बस स्टैंड, टेम्पो स्टैंड एवं सिंचाई योजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शंकर गुप्ता, वीरेंद्र सिंह, बनवारी सिंह, अनिल सिंह, संतू राम, शंभू गुप्ता, लाल सिंह, श्याम ओझा एवं चुनमुन पांडे सहित कई लोग मौजूद रहे।

