पांकी में शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर प्रखंड स्तरीय समिति की बैठक
पांकी में शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर प्रखंड स्तरीय समिति की बैठक
कम उपस्थिति वाले स्कूलों को चिन्हित करने का निर्देश
पांकी प्रखंड कार्यालय के सभागार में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय शिक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद ने की, जिसमें क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और शैक्षणिक वातावरण में सुधार लाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
कम नामांकन और उपस्थिति वाले स्कूलों पर विशेष नजर
बैठक के दौरान समिति ने प्रखंड के उन विद्यालयों की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई जहां बच्चों का नामांकन और उनकी दैनिक उपस्थिति बेहद कम है। इस समस्या के समाधान के लिए एक ठोस रणनीति तैयार की गई। निर्णय लिया गया कि ऐसे विद्यालयों को तत्काल चिन्हित किया जाएगा और संबंधित पदाधिकारी उन स्कूलों का औचक निरीक्षण करेंगे।
निरीक्षण के उपरांत यदि स्थिति में सुधार नहीं होता है, तो संबंधित विद्यालयों को अन्य नजदीकी विद्यालयों में मर्ज (विलय) करने के प्रस्ताव पर सहमति बनाने का निर्णय लिया गया है ताकि संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर आयोजित इस बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी हरिश्चंद्र मुंडा, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी परमेश्वर साहू, सांसद प्रतिनिधि लाल सिंह एमडीएम प्रभारी अमृतेश मिश्रा समेत शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित थे।

