“पांकी में रामनवमी पर उमड़ा जनसैलाब | भक्ति जागरण, रावण दहन और भव्य भंडारा”
पांकी प्रखंड में रामनवमी का पर्व इस वर्ष पूरे हर्षोल्लास, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। श्री राम जानकी मंदिर परिसर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों ने पूरे क्षेत्र को राममय बना दिया। सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही, वहीं शाम होते-होते भक्ति जागरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रावण दहन जैसे आयोजनों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। श्री राम जानकी मंदिर परिसर में आयोजित भक्ति जागरण कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है, उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में मर्यादा, न्याय और समरसता स्थापित की जा सकती है।
इस अवसर पर भाजपा नेत्री लवली गुप्ता ने कहा कि रामनवमी का पर्व हमें धर्म, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर ही समाज का समग्र विकास संभव है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जरूरत है कि हम सभी आपसी भाईचारे और सौहार्द को बनाए रखते हुए समाज को आगे बढ़ाने का कार्य करें। जिला अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा शंकर प्रसाद गुप्ता ने कहा कि रामनवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी परंपराओं को जीवित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। पांकी पूर्वी मुखिया प्रेम प्रसाद ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलकर ही एक सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने की दिशा में कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम में थाना प्रभारी राजेश रंजन, जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, उपप्रमुख अमित चौहान, सांसद प्रतिनिधि चुनमुन पांडे, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंदिर समिति के अध्यक्ष मुरली प्रसाद, उपाध्यक्ष गुड्डू प्रसाद, राजेश उर्फ गुड्डू प्रसाद, पप्पू कुमार यादव, लखन यादव, अखिलेश प्रसाद गुप्ता, सुनील गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं प्राचीन हनुमान मंदिर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा भक्ति गीतों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इसी क्रम में हरण अखाड़ा कमेटी द्वारा सिंचाई विभाग मैदान में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। रावण दहन विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता द्वारा किया गया, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। वहीं शिवाला काली मंदिर में भी श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारा का आयोजन किया गया, जहां लोगों ने पूरे श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण किया। पूरे पांकी क्षेत्र में रामनवमी के अवसर पर शांति, सौहार्द और सामाजिक एकता का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला। प्रशासन की सतर्कता और आयोजन समितियों के समन्वय से सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुए। इस अवसर पर लोगों ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

