पांकी में छात्राओं का भव्य विदाई समारोह, भावुक माहौल में दी गई शुभकामनाएं
पांकी के हरिवंश नारायण बालिका विद्यालय में दसवीं की छात्राओं को दी गई भावभीनी विदाई, अतिथियों ने दिए सफलता के मंत्र
पांकी प्रखंड के कर्पूरी ठाकुर चौक स्थित प्रोजेक्ट हरिवंश नारायण बालिका उच्च विद्यालय में बुधवार को दसवीं कक्षा की छात्राओं के सम्मान में विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रमुख पंचम प्रसाद, उप प्रमुख अमित चौहान, पांकी मध्य जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, प्राचार्य प्रनीत कुमार ठाकुर, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी परमेश्वर साव और सेवानिवृत्त शिक्षक सह संस्थापक बनारस सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह में विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों का मन मोह लिया। छात्राओं ने गीत, नृत्य और कविता पाठ के माध्यम से अपने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
संबोधन करते हुए विद्यालय प्राचार्य प्रनीत कुमार ठाकुर भावुक हो उठे। उन्होंने कहा, “बच्चियां किसी भी विद्यालय की असली पहचान होती हैं। आप सभी अब एक नई उड़ान भरने जा रही हैं। जीवन में ऊंचाइयां प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन करें। आज का दिन हमारे लिए गर्व और भावनाओं का संगम है। आप सभी हमारे लिए सिर्फ विद्यार्थी नहीं, परिवार का हिस्सा हैं। हमें पूरा विश्वास है कि आप जहां भी जाएंगी, विद्यालय का नाम रोशन करेंगी।”
प्रमुख पंचम प्रसाद ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो जीवन को नई दिशा देती है। उन्होंने छात्राओं से मेहनत और लगन से पढ़ाई कर अपने माता-पिता व विद्यालय का नाम ऊंचा करने की अपील की। जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, कठिनाइयों से घबराए बिना अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।
वही प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी परमेश्वर साव ने कहा कि विद्यालय ने हमेशा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रयास किया है और छात्राओं का प्रदर्शन सराहनीय रहा है।
सेवानिवृत्त शिक्षक बनारस सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की सीख दी |
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक मुद्रिका राम, सुधीर सत्यार्थी , शिक्षिका ममता कुमारी, राजकुमारी वर्मा, प्रियंका कुमारी, हाई स्कूल के प्राचार्य कुलेश्वर राम, शिक्षक राजीव सिंह, प्रदीप कुमार सहित सैकड़ों छात्रा मौजूद रहे।

