“पांकी के बनई गांव में फर्जी स्थल पर मसना चारदीवारी निर्माण का आरोप, निजी जमीन पर हो रहा काम”

फर्जी स्थल पर हो रहा पांकी के बनई में मसना स्थल की चारदिवारी का कार्य

अध्यक्ष सचिव की निजी भूमि को मसना स्थल किया गया घोषित, ग्रामीणों ने किया खुलासा

कार्य में घटिया सामग्रियों का किया गया उपयोग

पांकी प्रखंड क्षेत्र में कल्याण विभाग की योजनाओं में भ्रष्टाचार थमने का नाम नहीं ले रहा, विभागीय अधिकारी एवं बिचौलियों की मिलीभगत से फर्जी स्थल पर योजनाओं का कार्य धड़ल्ले से किया जा रहा है बावजूद इसके भुगतान भी हो जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार होटाई पंचायत के बनई गांव में फर्जी स्थल पर मसना चार दिवारी का कार्य लगभग पूर्ण होने के कगार पर यहां चारदीवारी का निर्माण कार्य लाभुक समिति के लोगों की निजी भूमि में किया गया है यही नहीं पूर्व में यहां किसी तरह का कोई धार्मिक सार्वजनिक स्थल दस्तावेजों में भी अंकित नहीं है बावजूद फर्जी चेक स्लिप बनाकर एवं विभाग की आंखों में धूल झोंक कर बड़ा फर्जीवाड़ा किया जा रहा है जिसका खुलासा स्थानीय ग्रामीणों ने किया है।
मामले की जानकारी होने के बाद पूरे मामले की पड़ताल करने पर पता चला कि यहां किसी तरह का कोई मसना स्थल पूर्व में नहीं है, यह भूमि लाभुक समिति के रामवृक्ष सिंह की निजी भूमि है, जिस पर जंगल झाड़ी है एवं कुछ भाग पर आहर है बावजूद स्थल की घेराबंदी की जा रही है।
निर्माण कार्य में घटिया सामग्रियों का भी धड़ल्ले से उपयोग किया गया है, चारदीवारी के निर्माण कार्य में वर्षों पुराने क्षतिग्रस्त हुए सरिया का उपयोग किया गया है, घटिया ईट एवं घटिया सामग्रियों से चारदीवारी के निर्माण कार्य होने से शीघ्र ही चारदीवारी के क्षतिग्रस्त होने की संभावना बनी हुई है, जल जमाव के क्षेत्र में भी चारदीवारी का निर्माण कार्य किया जाना कई सवालों को खड़ा करता है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों समेत ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में विभाग के जेई ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें नहीं है यदि इस तरह का मामला है तो मामले की जांच कर रिपोर्ट विभाग को सौंपी जाएगी।