पांकी के आसेहार से गायब हुई महिला का दो दिन बाद कुएं में मिला शव

पांकी के आसेहार से गायब हुई महिला का दो दिन बाद कुएं में मिला शव

पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसेहार पंचायत के मगहिया टोला में एक 40 वर्षीय महिला की रहस्यमय तरीके से मौत का मामला सामने आया है। दो दिनों से लापता महिला का शव शनिवार की रात करीब 8 बजे गांव के ही एक कुएं में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान ललिता देवी (40 वर्ष), पति दिनेश राम, आसेहार पंचायत मगहिया टोला निवासी के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार ललिता देवी 12 मार्च को गांव के ही एक रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थी। यह समारोह उसके घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर था। ग्रामीणों के अनुसार 12 मार्च की रात करीब 12 बजे तक ललिता देवी को शादी समारोह में देखा गया था। इसके बाद से वह अचानक लापता हो गई।
परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन दो दिनों तक उसका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार की रात करीब 8 बजे शादी समारोह स्थल के समीप स्थित एक कुएं में उसका शव दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों का कहना है कि जिस कुएं में शव मिला है, उसी कुएं से शनिवार सुबह मोटर चलाकर खेत की सिंचाई की गई थी। उस समय कुएं में कुछ भी नहीं था। ऐसे में लोगों को आशंका है कि महिला की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया होगा। घटना की सूचना पंचायत के मुखिया देवसागर राम के द्वारा पांकी थाना को दी गई, जिसके बाद पांकी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कुएं से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम हेतु मेदनीनगर भिजवाया, पुलिस पूरे मामले की सघनता से जांच कर रही है । आपको बता दें कि कुछ सप्ताह पूर्व भी आसेहार गांव के पुरनी बथान गांव मे ओझा गुनी अंधविश्वास को लेकर धारदार हथियार से तीन लोगों की हत्या कर दी गई थी, इसके बाद कुएं से महिला का शव मिलने की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है व इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है।