पालकोट में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, 132 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

पालकोट में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, 132 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

गुमला — गुमला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए पालकोट थाना क्षेत्र से 132 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस दौरान गांजा तस्करी में प्रयुक्त दो वाहनों समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक, गुमला को 18 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि पालकोट थाना क्षेत्र में काले रंग की हुंडई कार एवं सफेद रंग की स्कॉर्पियो-11 वाहन के माध्यम से गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बसिया नाजिर अख्तर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने पालकोट थाना अंतर्गत दतली डैम पुल के समीप जंगल क्षेत्र में चेकनाका लगाकर वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान सूचना के अनुरूप संदिग्ध वाहनों को रोका गया और तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में दोनों वाहनों से कुल लगभग 132 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया। मौके से तस्करी में संलिप्त सभी चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जब्त सामग्री में 132 किलोग्राम गांजा, एक काली हुंडई कार, एक सफेद स्कॉर्पियो-11 वाहन तथा चार मोबाइल फोन शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमीत साहु (निवासी कसीरा, गुमला), प्रदीप गोप उर्फ पिंटु (निवासी मंडरिया, गुमला), शिव कुमार साहु (निवासी लांजी, गुमला) एवं कुलदीप प्रसाद साहु (निवासी मुर्मू, थाना सिसई, गुमला) के रूप में की गई है।
इस सफल कार्रवाई में एसडीपीओ बसिया नाजिर अख्तर, पालकोट थाना प्रभारी पु.अ.नि. तरुण कुमार, स.अ.नि. देवनारायण महतो, पालकोट थाना के सशस्त्र बल एवं क्यूआरटी गुमला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You may have missed