न्यायालय के आदेश पर फरार अभियुक्त के घर इश्तहार चस्पा, पुलिस ने दी आत्मसमर्पण की चेतावनी

हैदरनगर ,पलामू : हैदरनगर थाना कांड संख्या 27/2013 तथा जी.आर. केस संख्या 874/2013 के फरार अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इश्तहार चस्पा किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिंदु बीघा निवासी राजू सिंह, पिता हरिहर सिंह, थाना हैदरनगर, जिला पलामू के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा जारी आदेश के आलोक में यह कार्रवाई की गई।
हैदरनगर के थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि उक्त मामले में लंबे समय से अभियुक्त फरार चल रहा था और न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था। इसके बाद न्यायालय ने दंड प्रक्रिया संहिता के तहत इश्तहार चस्पा करने का आदेश जारी किया। आदेश के अनुपालन में हैदरनगर थाना के पुअनि.अमर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियुक्त के पैतृक आवास बिंदु बीघा पहुंचकर विधिवत इश्तहार चस्पा किया।
इश्तहार के माध्यम से अभियुक्त को निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में आत्मसमर्पण नहीं करने की स्थिति में आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और न्यायालय के निर्देशानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में फरार अभियुक्तों में हड़कंप मच गया है।