नकली कर्मचारी का असली कारनामा, 35 लाख का चूना
उत्तराखंड पुलिस की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने फर्जी भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) कर्मचारी बनकर ठगी करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी ठग ने एक व्यक्ति से 35 लाख रुपए की ठगी की थी। एसटीएफ ने साइबर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को हरियाणा से पकड़ा है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि नैनीताल जिले के कोतवाली भीमताल के रहने वाले एक व्यक्ति ने अक्टूबर, 2023 में केस दर्ज कराया था। उन्होंने कहा था कि उनके पास फोन आया और कहा गया कि उनका बीमा पॉलिसी का पैसा आरबीआई में फंस गया है। ठगों ने कहा कि टीडीएस की धनराशि जमा करने पर पैसा वापस हो जाएगा। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि साइबर अपराधियों ने अलग-अलग बहाने करीब 35 लाख रुपए की धनराशि धोखाधड़ी से कई बैंक खातों में जमा कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने यह केस एसटीएफ को सौंपा। जांच में पता चला कि साइबर अपराधियो द्वारा घटना में पीड़ित से बातचीत के लिए प्री-एक्टिवेटेड दूसरे व्यक्तियों के नाम से आवंटित मोबाइल सिम कार्ड का प्रयोग किया गया है।
