नगर निगम दुकानदार संघ ने नगर विकास मंत्री से की मुलाकात

नगर निगम दुकानदार संघ का एक प्रतिनिधि मंडल नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मिला, जिससे दुकानदारों में उम्मीद की किरण जगी है। पिछले कई दिनों से नगर निगम के दुकानदार अपनी दुकानों को बचाने के लिए धरना दे रहे हैं और समाधान की राह देख रहे हैं। उपायुक्त द्वारा गठित टीम की जांच रिपोर्ट के बाद अब सभी दुकानदार उपायुक्त के अंतिम आदेश का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के गिरिडीह आगमन की सूचना पर दुकानदार उनके आवास पहुंचे। वहां उन्होंने नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं और अपनी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। दुकानदार संघ के प्रतिनिधि मनोज केसरी ने बताया कि मंत्री ने आश्वासन दिया है कि वे उपायुक्त से बात कर दुकानदारों की समस्याओं का समाधान निकालेंगे। इस भरोसे के बाद दुकानदारों को काफी राहत महसूस हुई है और उन्हें उम्मीद है कि लंबे समय से बना असमंजस अब जल्द खत्म होगा।