नामधारी महाविद्यालय का मुख्य द्वार क्षतिग्रस्त, छात्र संगठन का फूटा आक्रोश

नामधारी महाविद्यालय का मुख्य द्वार क्षतिग्रस्त होना शिक्षा के मंदिर का अपमान: निशांत चतुर्वेदी
श्री सद्गुरु जगजीत सिंह नामधारी महाविद्यालय के मुख्य द्वार को अज्ञात तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना पर झारखंड छात्र मोर्चा गढ़वा ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। संगठन के जिलाध्यक्ष निशांत चतुर्वेदी ने इसे शिक्षा के मंदिर पर सीधा हमला बताते हुए प्रशासन से त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।
निशांत चतुर्वेदी ने कहा कि महाविद्यालय परिसर में इस प्रकार की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था की घोर विफलता को दर्शाता है। इससे न केवल छात्रों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हुआ है, बल्कि पूरे शैक्षणिक वातावरण को भी प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाविद्यालय प्रशासन परिसर की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है, जिसके कारण असामाजिक तत्वों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। झारखंड छात्र मोर्चा महाविद्यालय प्रशासन और स्थानीय पुलिस प्रशासन से मांग करती है कि सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान कर उन्हे जल्द गिरफ्तार कर उन्हे सजा दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई न होना प्रशासन की निष्क्रियता को दर्शाता है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जाती है, तो आने वाले समय मे झारखंड छात्र मोर्चा महाविद्यालय परिसर से जिला मुख्यालय तक विरोध मार्च निकालते हुए उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इसके साथ ही इस मामले की जानकारी संबंधित कुलपति को भी दी जाएगी। निशांत चतुर्वेदी ने कहा कि झारखंड छात्र मोर्चा छात्रों के हितों एवं शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और ऐसी कायरतापूर्ण घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।