मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दिया गया प्रशिक्षण

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दिया गया प्रशिक्षण

पालकोट (गुमला) – मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) 2026 कार्यक्रम को लेकर समाहरणालय परिसर स्थित पालकोट सभागार में शनिवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रखंड अध्यक्ष, सचिव तथा बूथ लेवल एजेंट (BLA) को मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय उरांव ने की। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, उद्देश्य तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नए योग्य मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ना, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाना तथा मतदाता विवरण में आवश्यक संशोधन किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान सभी बूथ लेवल एजेंट (BLA) को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ समन्वय स्थापित करें और घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन सुनिश्चित करें। साथ ही नए मतदाताओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने और पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल कराने में सहयोग करें।
अधिकारियों ने बताया कि सभी BLA अपने-अपने मतदान केंद्रों की मतदाता सूची का नियमित अवलोकन करते हुए यदि कोई त्रुटि या छूटे हुए मतदाता मिलते हैं तो उनके नाम जोड़ने के लिए निर्धारित प्रपत्र भरवाकर जमा कराएं।
कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष विकास गुप्ता, भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश नारायण सिंह, रामावध साहू, सांसद प्रतिनिधि बसंत गुप्ता, विजय ठाकुर पालकोट प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय उरांव , बी पी आर ओ राम लखन सिंह यादव,गुंजन सिंह समेत अन्य प्रतिनिधि एवं BLA शामिल थे।
अंत में अधिकारियों ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।