मर्दानगी को चुनौती दी…दोस्त पर टूट पड़ा, कर दी हत्या
नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के खिड़की एक्सटेंशन इलाके में पार्टी के दौरान गुस्से में आकर एक शख्स ने अपने मित्र की जान ले ली। पीड़ित ने आरोपी की मर्दानगी को चुनौती दी थी। दिल्ली पुलिस ने बताया कि इससे गुस्से में आकर आरोपी ने पीड़ित का गला घोंट दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गुरुग्राम के राजेंद्र नगर इलाके से आरोपी को दबोचा है। पुलिस ने बताया कि सोनीपत निवासी वीरेंद्र को हत्या के एक महीने बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि वीरेंद्र के पीड़ित की मां के साथ नाजायज संबंध थे। जब पीड़ित को वीरेंद्र के उसकी मां के साथ नाजायज संबंधों के बारे में पता चला तो दोनों व्यक्तियों के बीच दुश्मनी हो गई, लेकिन बाद में वे दोस्त बन गए। पुलिस ने बताया कि गुस्से में आकर वीरेंद्र ने उसका गला घोंट दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस उपायुक्त (अपराध) राकेश पावरिया ने कहा कि 13 अप्रैल को 23 वर्षीय एक व्यक्ति का शव उसके साथ फ्लैट में रहने वाले व्यक्ति ने खिड़की एक्सटेंशन में उनके किराये के फ्लैट में पाया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले की जांच के लिए मालवीय नगर पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए, देहरादून, हरिद्वार, दिल्ली और गुड़गांव सहित विभिन्न स्थानों पर छापे मारे गए। एक संदिग्ध मोहित को स्थानीय पुलिस ने पकड़ लिया, लेकिन मुख्य आरोपी वीरेंद्र पकड़ से बचने में कामयाब रहा। पुलिस उपायुक्त (अपराध) राकेश पावरिया ने कहा कि उन्हें पता चला कि वीरेंद्र 21 मई को एक सहयोगी से मिलने के लिए गुरुग्राम के राजेंद्र नगर इलाके में पहुंचेगा। इस खुफिया जानकारी के बाद एक टीम गठित की गई और वीरेंद्र को पकड़ लिया गया। आरोपी वीरेंद्र ने हत्या में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली है।
