मनरेगा योजना में घूसखोरी, रोजगार सेवक 7 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

मनरेगा योजना में घूसखोरी, रोजगार सेवक 7 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

पलामू जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पलामू प्रमंडलीय एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) की टीम ने एक रोजगार सेवक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी रोजगार सेवक की पहचान नौडीहा बाजार प्रखंड में कार्यरत जितेंद्र राम के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार रोजगार सेवक जितेंद्र राम मनरेगा कूप योजना में ऑनलाइन एंट्री करने के नाम पर लाभुक से 7,000 रुपये की घूस की मांग कर रहा था। पीड़ित द्वारा इसकी शिकायत एसीबी से किए जाने के बाद जाल बिछाया गया और उसे रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

एसीबी टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद प्रखंड क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।