मनातू थाना क्षेत्र में अफीम तस्करी का खुलासा, 1.114 किलो मादक पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार

मनातू थाना क्षेत्र में अफीम तस्करी का खुलासा, 1.114 किलो मादक पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार

मनातू, पलामू: मनातू थाना क्षेत्र से अफीम तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लगभग 1.114 किलो अफीम बरामद की है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 18(b)/29 के तहत की गई।

दिनांक 5 जनवरी 2026 को मनातू थाना पुलिस को जानकारी मिली कि ग्राम चक में अवैध रूप से अफीम की खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना की पुष्टि और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज (पांकी) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान ग्राम चक निवासी उमाशंकर कुमार और उनके रिश्तेदार राहुल कुमार को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उमाशंकर कुमार के घर से अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया, जिसका कुल वजन लगभग 1.114 किलो था। बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जप्त कर सीलबंद कर लिया गया।

इसके अलावा, दोनों अभियुक्तों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों ने अवैध रूप से मादक पदार्थ की खरीद और बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

उपलब्ध साक्ष्यों और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(b)/29 के तहत गिरफ्तार किया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पलामू पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि मामले में जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

You may have missed