मेदिनीनगर में बाबा साहब के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी पर भीम आर्मी ने किया अनु० जाती/जनजाति थाना में मामला दर्ज
मेदिनीनगर में बाबा साहब के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी पर भीम आर्मी ने किया अनु० जाती/जनजाति थाना में मामला दर्ज
मेदिनीनगर, पलामू | भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिला अध्यक्ष चंदू राम ने अनुसूचित जाति/जनजाति थाना, मेदिनीनगर में लिखित आवेदन देकर सोशल मीडिया पर संविधान निर्माता भीमराव रामजी अंबेडकर के विरुद्ध आपत्तिजनक एवं जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, मेदिनीनगर निवासी अमित कुमार दुबे द्वारा फेसबुक एवं इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से बाबा साहब के खिलाफ अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया गया तथा अनुसूचित जाति समाज के प्रति अपमानजनक टिप्पणियां की गईं। शिकायत में कहा गया है कि इस प्रकार की पोस्ट से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने एवं वैमनस्य फैलने की आशंका है।
चंदू राम ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उक्त टिप्पणियों से न केवल अनुसूचित जाति समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि सामाजिक न्याय एवं संविधान में आस्था रखने वाले लोगों में भी गहरा आक्रोश है। उन्होंने इसे भारतीय संविधान की गरिमा पर आघात बताया है।
आवेदन में मांग की गई है कि आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की प्रासंगिक धाराओं, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धारा 3(1)(r) एवं 3(1)(s) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट/वीडियो के डिजिटल साक्ष्य को तत्काल सुरक्षित करने का भी अनुरोध किया गया है।
पुलिस प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक इस मामले में औपचारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है, थाना में आवेदन देने पहुंचे जिला अध्यक्ष चंदू राम, आसपा पूर्व प्रत्यासी अजय सिंह चेरो, प्रदेश संगठन सचिव नागमणि रजक, जिला उपाध्यक्ष यशवंत पासवान, कार्यकर्ता प्रदीप कुमार जी उपस्थित हुवे।।


