किस्को में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित होंगी : राधा तिर्की (जिला झामुमो महिला मोर्चा )
किस्को : झारखंड मुक्ति मोर्चा किस्को प्रखण्ड कमेटी की ओर से शनिवार को किस्को प्रखंड मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष बिनेश गुप्ता ने की। इस बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि किस्को ब्लॉक मोड़ के समीप झामुमो सुप्रीमो और झारखंड आंदोलन के जननायक दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि प्रतिमा स्थापित होने से आने वाली पीढ़ियाँ गुरुजी के संघर्ष, उनके विचार और झारखंड राज्य आंदोलन में दिए गए योगदान से प्रेरणा लेंगी। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सह जिला महिला झामुमो अध्यक्ष राधा तिर्की, झामुमो नेता शाकिर हुसैन अंसारी, हाजी शमसुद्दीन, इसरार अहमद, चमन नगेसिया, नौशाद अहमद, उधवा उरांव, गीता देवी, मोईन अंसारी, इमरान खान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में उपस्थित सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि गुरुजी की प्रतिमा झारखंड की अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक होगी। झामुमो नेताओं ने यह भी कहा कि शिबू सोरेन ने झारखंड की पहचान और अधिकार की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी प्रतिमा स्थापित होने से न केवल किस्को क्षेत्र के लोग गौरवान्वित होंगे, बल्कि झारखंड की नई पीढ़ी को भी अपनी जड़ों और आंदोलन के इतिहास से जुड़ने का अवसर मिलेगा। बैठक में प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया, स्थान चयन और अनावरण कार्यक्रम को लेकर प्रारंभिक चर्चा की गई। आने वाले दिनों में पार्टी स्तर पर इसे लेकर रूपरेखा तय की जाएगी।

