किसानों, कारीगरों और महिला समूहों को मिलेगा नया बाजार व मंच – डीडीसी
नाबार्ड प्रायोजित पेशम ग्रामीण हाट का उद्घाटन
किसानों, कारीगरों और महिला समूहों को मिलेगा नया बाजार व मंच – डीडीसी
नाबार्ड द्वारा प्रायोजित बिरनी प्रखण्ड अंतर्गत पेशम ग्रामीण हाट का उद्घाटन बुधवार को बतौर मुख्य अतिथि गिरिडीह के उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर डीडीएम नाबार्ड आशुतोष प्रकाश, बीडीओ, बिरनी प्रखंड, कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी, गिरिडीह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
यह ग्रामीण हाट क्षेत्र के किसानों, कारीगरों, स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं तथा अन्य ग्रामीण उत्पादकों को अपने कृषि एवं प्राथमिक उत्पादों की बिक्री के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। इस परियोजना के अंतर्गत ग्रामीणों की सुविधा और व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए शेड, गोदाम, शौचालय तथा सोलर लाइट जैसी आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त, गिरिडीह ने नाबार्ड के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की ग्रामीण अवसंरचना स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और इसके सकारात्मक प्रभाव दूरगामी होंगे।
इसी अवसर पर जल जीवन मिशन के अंतर्गत “जल अर्पण दिवस” भी मनाया गया, जिसमें जल सहिया एवं ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ पेयजल, जल संरक्षण तथा समुदाय की भागीदारी के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में बाजार सुविधा, आजीविका संवर्धन तथा सामुदायिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

