किसान जनता पार्टी ने बाबूलाल मरांडी का पुतला दहन कर जताया विरोध, रजिस्टर टू की मांग

तिसरी अंचल कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे किसान जनता पार्टी के सदस्यों ने नीलम कुमारी के अध्यक्षता में सोमवार को धनवार विधायक सह झारखंड राज्य के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का पूरे विधि विधान के साथ शव यात्रा निकालकर पुतला दहन किया। किसान जनता पार्टी के संयोजक दासो मुर्मू ने कहा कि वर्ष 2022 ईस्वी में आंबेडकर चौक गिरिडीह में रजिस्टर टू का सत्यापित प्रति की मांग को लेकर जब हम किसान धरना दे रहे थे तब किसानों के धरना स्थल पर जाकर धनवार विधायक श्री बाबूलाल मरांडी ने लंबा चौड़ा भाषण देते हुए रजिस्टर टू का सत्यापित प्रति हर हाल में गिरिडीह जिला के सभी किसानों को दिलाने का वादा किए थे और पूरी वाहवाही और तालियां बटोरे थे। लेकिन उसके बाद बाबूलाल मरांडी जी हम आंदोलनरत किसानों का कभी सुध नहीं लिए। आंदोलनरत किसानों की ओर से किसान जनता पार्टी के केंद्रीय कमिटी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने बाद में रजिस्टर टू का सत्यापित प्रति किसानों को दिलवाने हेतु माननीय झारखंड उच्च न्यायालय में रिट याचिका संख्या 5925/2022 दायर किया। माननीय झारखंड उच्च न्यायालय ने 27 फरवरी 2024 को उक्त रिट याचिका में आदेश पारित कर गिरिडीह जिला के सभी मौजा के रजिस्टर टू का सत्यापित चार सप्ताह के अंदर याचिकाकर्ता अवधेश कुमार सिंह को उपलब्ध कराने का आदेश, झारखंड सरकार, उपायुक्त गिरिडीह और अपर समाहर्ता गिरिडीह को दिया। माननीय झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में अपर समाहर्ता महोदय गिरिडीह ने भी अपने कार्यालय के पत्रांक 1854/2024 के माध्यम से गिरिडीह जिला के सभी अंचल अधिकारी को रजिस्टर टू का सत्यापित प्रति देने का आदेश दिया। माननीय झारखंड उच्च न्यायालय एवं अपर समाहर्ता महोदय गिरिडीह के आदेश के आलोक में जमुआ, बगोदर और गांडेय अंचल में दनादन रजिस्टर टू का सत्यापित प्रति दिया जा रहा है पर नेता प्रतिपक्ष श्री बाबूलाल मरांडी के गृह अंचल तिसरी में रजिस्टर टू का सत्यापित प्रति नहीं दिया जा रहा है। जबकि तीसरी अंचल के किसानों को रजिस्टर टू का सत्यापित प्रति देने हेतू तिसरी अंचल में दो – दो बार शुल्क भी जमा ले लिया गया है। शुल्क जमा लेने के बावजूद भी रजिस्टर टू का सत्यापित प्रति तिसरी अंचल अधिकारी द्वारा नहीं दिए जाने के वजह से तिसरी अंचल के किसान विगत 14 महीना से आंदोलन कर रहे हैं पर बाबूलाल मरांडी जी एक बार भी आंदोलनरत किसानों का सुध नहीं लिए जिस वजह से हम पीड़ित आदिवासी मूलवासी किसानों ने आज बाबूलाल मरांडी का शव यात्रा तिसरी ब्लॉक परिसर से निकाल कर तिसरी बाजार में घुमाया और वापस तिसरी ब्लॉक परिसर में आकर बाबूलाल मरांडी का पुतला दहन किया। पुतला दहन के बाद किसानों ने कहा कि जो विधायक अपने गांव पंचायत और ब्लॉक का जिम्मेवारी संभालने के काबिल नहीं है वह पूरे झारखंड राज्य का नेता प्रतिपक्ष है। इससे बड़ा झारखंड का दुर्भाग्य क्या हो सकता है। बाबूलाल मरांडी जैसे निकम्मे नेता के हाथ में झारखंड में भाजपा का कमान होने के वजह से भाजपा का यह दुर्गति हो रहा है। अभी भाजपा 22 सीट पर है।आगामी चुनाव के बाद 2 सीट भी भाजपा जीत नहीं पाएगी। विधायक बाबूलाल मरांडी के शव यात्रा और पुतला दहन कार्यक्रम में बट्टू मरांडी, छात्रधारी सिंह, जहांगीर अंसारी, लालिया देवी, सुनीता मरांडी, सबीना हेंब्रम, मुंशी मुर्मू, मालती देवी मुकेश राय, तालों हेंब्रम, रघु मुर्मू, मदन तुरी,सांझली मरांडी, दहनी देवी ,रनिया टुडू दशमी बास्के, संजीव हंसदा, सलोनी हेंब्रम, घाटू हेंब्रम, सुरेश हेंब्रम, दासो मरांडी, जागो मुर्मू, संतोष बास्के , मालती सोरेन, मुन्नी हंसदा, बड़की हेंब्रम, सुनीता मरांडी, मोनिका बेसरा, संतोषी मरांडी, बसंती टुडू, ढोलो सोरेन, देना टुडू, छोटकी हंसदा, बुधनी मुर्मू, रेशमी टुडू, महामुनि मुर्मू, बिशना मरांडी, जीतन हेंब्रम, पाने हेंब्रम, संजीव हंसदा, सहित काफी संख्या में किसान उपस्थित रहे।