गिरिडीह में खेल महोत्सव का आयोजन, 120 से अधिक बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

खेल महोत्सव 2026 का सफल आयोजन

नीतू कुमारी, गिरिडीह

गिरिडीह: खेल बदलाव का कार्यक्रम के अंतर्गत अभिव्यक्ति फाउंडेशन द्वारा विभिन्न विद्यालयों में खेल महोत्सव का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन M3M फाउंडेशन एवं SPJIMR डेवलपमेंट ऑफ कॉर्पोरेट सिटीजनशिप (DoCC) के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना एवं उनके समग्र विकास को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर कुल 5 विद्यालयों के 120 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो एवं वॉलीबॉल जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी प्रतिभागियों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल प्रतियोगिता के उपरांत सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार वितरण किया गया
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं स्थानीय समुदाय ने भी सक्रिय सहभागिता दिखाई और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस प्रकार के खेल आयोजन बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे उनका शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है और साथ ही टीम भावना, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित होती है, जो उनके भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होती हैं।
आयोजन में शामिल विद्यालयों में यूएमएस मोहनपुर, यूएमएस टुकडिहा, यूएमएस राउतगाड़ी, यूएमएस उदनाबाद एवं यूएमएस टिकोडिन प्रमुख रहे।
कार्यक्रम की सफलता ने यह सिद्ध किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देकर बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।