खाद्य सुरक्षा पर प्रशासन सख्त: कंचन राइस मिल का निरीक्षण, गुणवत्ता व स्वच्छता को लेकर कई निर्देश जारी
खाद्य सुरक्षा पर प्रशासन सख्त: कंचन राइस मिल का निरीक्षण, गुणवत्ता व स्वच्छता को लेकर कई निर्देश जारी
गुमला – जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों के सख्ती से अनुपालन और आमजनों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी ने बुधवार को गुमला के खोरा स्थित कंचन राइस मिल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिल परिसर की साफ-सफाई, उत्पादन प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था एवं अभिलेखों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के क्रम में मिल में उपयोग किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता की जांच की गई तथा नियमित रूप से जल परीक्षण कराने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा फोर्टीफाइड चावल एवं उसना चावल की गुणवत्ता रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखने को कहा गया। कर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सभी कर्मचारियों का समय-समय पर मेडिकल फिटनेस जांच सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने मिल प्रबंधन को परिसर में नियमित कीट नियंत्रण (पेस्ट कंट्रोल) व्यवस्था बनाए रखने तथा पैकेज्ड चावल पर एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर, बैच नंबर, पैकिंग तिथि, शुद्ध वजन सहित सभी अनिवार्य विवरण स्पष्ट रूप से अंकित करने का निर्देश दिया। साथ ही भंडारण कक्ष में नमी नियंत्रण और स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
इसी दौरान खोरा एवं शहरी क्षेत्र के विभिन्न किराना और खाद्यान्न दुकानों में भी जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण, एक्सपायरी तिथि, लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के सभी प्रावधानों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही एक्सपायरी खाद्य सामग्री की खरीद-बिक्री नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी ने स्पष्ट कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

