“केतार मंडल में कन्हाई प्रसाद फिर बने भाजपा अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह”
केतार (गढ़वा)। भारतीय जनता पार्टी ने केतार मंडल में कन्हाई प्रसाद पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया और खुशियां बांटी।
पुनर्नियुक्ति पर कन्हाई प्रसाद ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उसे वे पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना तथा कार्यकर्ताओं को जोड़ना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उधर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने कन्हाई प्रसाद को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में केतार मंडल का संगठन और अधिक सशक्त व सक्रिय होगा। कार्यकर्ताओं का मानना है कि कन्हाई प्रसाद के अनुभव और कार्यशैली से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर अपनी खुशी जाहिर की। मौके पर कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

