केरेडारी थाना परिसर में दुर्गा पूजा शांति समिति की बैठक, सुरक्षा और स्वच्छता पर जोर

केरेडारी थाना परिसर में दुर्गा पूजा शांति समिति की बैठक, सुरक्षा और स्वच्छता पर जोर

कम आवाज में साउंड बजाने, नशे से दूर रहने और सुरक्षित रावण दहन करने की अपील

केरेडारी। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर केरेडारी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा समितियों एवं स्थानीय लोगों से विधि-व्यवस्था बनाए रखने, ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई।

बैठक में निर्देश दिया गया कि पूजा पंडालों में साउंड सिस्टम निर्धारित मानकों के अनुरूप कम आवाज में बजाया जाए, ताकि बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को परेशानी न हो। साथ ही लोगों से नशे से दूर रहने तथा आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।

पंडालों में डस्टबिन रखना अनिवार्य

प्रशासन ने सभी पूजा पंडालों में डस्टबिन रखने और भंडारे के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया। कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की गई, ताकि पूजा के दौरान गंदगी न फैले।

रावण दहन में सुरक्षा का रखें विशेष ध्यान

रावण दहन के आयोजन को लेकर खुले एवं सुरक्षित स्थान का चयन करने तथा पर्याप्त सुरक्षा घेरा (डी-एरिया) बनाने का निर्देश दिया गया। लोगों से सुरक्षा घेरे के बाहर रहने और आयोजन के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

बैठक का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराना रहा। प्रशासन ने पूजा समितियों और आम लोगों से नियमों का पालन करते हुए त्योहार को आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।

You may have missed