कालीबाड़ी चौक गिरीडीह में भीषण आग, छत का स्टोर रूम जलकर खाक
कालीबाड़ी चौक गिरीडीह में भीषण आग, छत का स्टोर रूम जलकर खाक
गिरिडीह के कालीबाड़ी चौक स्थित एक चार मंजिला मकान की छत पर बने स्टोर रूम में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा स्टोर रूम धुएं और लपटों से घिर गया।
मकान मालिक पशुपतिनाथ टिबड़ेवाल के अनुसार, स्टोर रूम में घर और दुकान का कबाड़ सामान रखा हुआ था। पड़ोसियों की सूचना पर जब वे छत पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
परिजनों ने पहले खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहने पर अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन स्टोर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।

