जर्जर सड़क से लोगों की बढ़ी परेशानी, दुर्घटनाओं का बना खतरा, सुनील खंडेलवाल ने झारखंड सरकार से शीघ्र मरम्मत की मांग की

जर्जर सड़क से लोगों की बढ़ी परेशानी, दुर्घटनाओं का बना खतरा, सुनील खंडेलवाल ने झारखंड सरकार से शीघ्र मरम्मत की मांग की

गिरिडीह जिला अंतर्गत चक्रदाहा ग्राम से चपूवाडीह पंचायत को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों अत्यंत जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने के कारण इस मार्ग से आवागमन करना आम लोगों के लिए काफी कठिन और जोखिमपूर्ण हो गया है, स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

यह सड़क आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन विद्यार्थी, किसान, व्यापारी तथा आम नागरिक इसी सड़क से अपने दैनिक कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में काफी चिंता और आक्रोश व्याप्त है।

इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल ने जनहित में मामला उठाते हुए झारखंड सरकार से मांग की है कि उक्त सड़क की स्थिति का शीघ्र निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

खंडेलवाल ने कहा कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए प्रशासन को इस गंभीर जनसमस्या पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।

क्षेत्र के लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए चक्रदाहा से चपूवाडीह तक की सड़क का अविलंब पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

खंडेलवाल के पत्र पर आवश्यक कार्रवाई करने हेतु आवेदन को मोo आसिफ हसन, संयुक्त सचिव, झारखंड सरकार, कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, रांची के पास अग्रसारित कर दिया गया है।

व्यापक जनहित में खंडेलवाल ने भरोसा जताया है कि सड़क की मरम्मती का कार्य जल्द ही करा लिया जाएगा।