जूस का लालच देकर ले गया, फिर कुएं में फेंक दी 6 वर्षीय मासूम की लाश

जूस का लालच देकर ले गया, फिर कुएं में फेंक दी 6 वर्षीय मासूम की लाश

गुमला के कसीरा गांव में दिल दहला देने वाली घटना, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार; गांव में आक्रोश का माहौल

गुमला – गुमला जिले के गुमला के कसीरा गांव में शुक्रवार को दिल को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 6 वर्षीय मासूम अनमोल खड़िया की बेरहमी से हत्या कर उसका शव खेत में स्थित एक कुएं में फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया। मासूम की मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के ही एक व्यक्ति कुलभूषण महली पर इस जघन्य वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा है। बताया जाता है कि शुक्रवार शाम वह मासूम अनमोल के घर पहुंचा और उसे जूस पिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया। बच्चे की मासूमियत का फायदा उठाकर आरोपी उसे घर से दूर ले गया।
इसी दौरान बच्चे की मां मंजनी खड़िया को अचानक शक हुआ कि उनका बेटा कहां गया है। जब उन्होंने आसपास पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी कुलभूषण महली बच्चे को अपने साथ ले गया है। इसके बाद मां तुरंत आरोपी के पीछे-पीछे गई, लेकिन रास्ते में आरोपी कहीं छिप गया और बच्चे को लेकर फरार हो गया।
मां ने गांव में इसकी जानकारी दी तो परिजन और ग्रामीण तुरंत बच्चे की तलाश में जुट गए। देर शाम तक गांव और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की गई, लेकिन मासूम का कोई पता नहीं चला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस के अंतर्गत सदर थाना के थाना प्रभारी महेंद्र करमाली पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से खोज अभियान शुरू किया। काफी देर तक तलाश करने के बाद गांव से कुछ दूरी पर खेत में स्थित एक कुएं में झांककर देखा गया, जहां बच्चे का शव दिखाई दिया।
जैसे ही कुएं से मासूम का शव बाहर निकाला गया, वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे गांव में मातम छा गया। परिवार के लोग बिलख-बिलख कर रोने लगे।
मृतक बच्चे के पिता टिनटिया खड़िया ने गांव के ही कुलभूषण महली पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार रात ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार सुबह मृतक की मां मंजनी खड़िया ने बताया कि आरोपी को अपने परिवार को लेकर शक था। वह अपनी पत्नी को लेकर टिनटिया खड़िया पर संदेह करता था और इसी रंजिश के चलते उसने मासूम बच्चे को निशाना बनाकर इस दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग करते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।