झारखंड प्रदेश विद्यालय रसोइया संयोजिका संघ की बैठक — न्यूनतम वेतन, पीएफ, पेंशन व छुट्टी की मांग को लेकर आंदोलन की तैयारी

झारखंड प्रदेश विद्यालय रसोइया संयोजिका संघ की बैठक — न्यूनतम वेतन, पीएफ, पेंशन व छुट्टी की मांग को लेकर आंदोलन की तैयारी

डुमरी (गुमला) – राजकीय कृत मध्य विद्यालय टागरडीह में झारखंड प्रदेश विद्यालय रसोइया संयोजिका अध्यक्ष संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष देवकी देवी ने की, जबकि संचालन प्रखंड अध्यक्ष प्रभा एक्का ने किया।

बैठक में सरकार से लंबित मांगों की प्राप्ति के लिए आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। मुख्य मांगों में न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करना, ईपीएफ (EPF) से जोड़ना, सरकारी कर्मचारियों की तरह अर्जित (गार्ज) छुट्टी लागू करना, और पेंशन योजना से रसोइयों को जोड़ना शामिल है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन को मजबूत बनाने हेतु प्रत्येक रसोइया-संयोजिका को सदस्य बनाया जाएगा तथा प्रखंड स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा, यह सर्वसम्मति से तय किया गया कि 27 नवंबर 2025 से गुमला जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जो मांगों की पूर्ति तक जारी रहेगा।

बैठक में 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी रसोइयों के स्थान पर उनके परिवार की बेटी, बहू या किसी अन्य सदस्य को प्राथमिकता देने की मांग दोहराई गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो वर्ष 2004 से अब तक की सेवा अवधि के अनुसार न्यूनतम वेतन का भुगतान किया जाए।

बैठक में सुचिता खलखो, निर्मला खलखो, नेमहा बरला, करमी देवी, निर्माता टोप्पो सहित कई रसोइया संयोजिका अध्यक्ष एवं सदस्य उपस्थित रहीं।

You may have missed