झलक 26 में लता दीदी के गाए गीतों से गूंजा गांधी मैदान
झलक 26 में लता दीदी के गाए गीतों से गूंजा गांधी मैदान
अपने अपने वर्ग में प्रसून, नौशाबा व
आदित्य को मिला प्रथम पुरस्कार
रविवार को पॉप स्टार आर्केस्ट्रा ग्रुप द्वारा झलक 26 का आयोजन किया गया। लता मंगेशकर की याद में गांधी मैदान में आयोजित गीतों की यह प्रतियोगिता देर रात तक चली, जिसमें प्रतिभागियों ने लता दीदी के गाए गीतों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उदघाटन पलामू की प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय, जेएमएम के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने कहा कि कलाकारों को एक मंच देने के लिए पीएस ग्रुप द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सराहनीय है। कला के माध्यम से ही संस्कृति बची रहती है। उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। आयुक्त ने इस दौरान भोजपुरी लोकगीत भी प्रस्तुत किया जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। कार्यक्रम शुरुआत करने की घोषणा आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंहा ने किया। कार्यक्रम समन्वयक सुमित भट्टाचार्य ने कहा कि नए प्रतिभाओं को मंच देने के लिए पॉप स्टार आर्केस्ट्रा ग्रुप का यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा। आशा भोसले की याद में कार्यक्रम शुरू करने से पहले दो मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अमर सहाय, युवा नेता सन्नू सिद्दीकी, महिला नेत्री सुशीला मिश्रा, बबलू चावला, शर्मिला वर्मा आदि का सक्रिय सहयोग रहा।
इन्हें मिला पुरस्कार
जूनियर वर्ग में प्रसूनकेत मिश्रा को प्रथम, समृद्धि कुमारी पांडेय द्वितीय, शिवांशी राज सिन्हा तृतीय।
यंग वर्ग में आदित्य नारायण प्रथम, आलिया अंजुम द्वितीय, काजल विश्वकर्मा तृतीय।
सिनियर वर्ग में नौशाबा खातून प्रथम, राजेंद्र सिंह द्वितीय, अर्चना कुमारी तृतीय।




