हुसैनाबाद में रंगदारी गिरोह का भंडाफोड़, चोरी के मोबाइल-सिम से देते थे धमकी

हुसैनाबाद में रंगदारी गिरोह का भंडाफोड़, चोरी के मोबाइल-सिम से देते थे धमकी

हुसैनाबाद ,पलामू: हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन और सिम कार्ड के जरिए रंगदारी मांगने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब क्षेत्र के एक मार्बल व्यवसायी ने हुसैनाबाद थाना में आवेदन देकर शिकायत की कि उसे अज्ञात नंबरों से लगातार फोन कर रंगदारी की मांग की जा रही है। कॉल करने वाले व्यक्ति द्वारा व्यवसायी को जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
जांच के दौरान कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से कई अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की। जांच में सामने आया कि हैदरनगर निवासी रविशंकर कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह तथा लोहरपुरा गांव निवासी प्रिंस कुमार मेहता इस गिरोह के मुख्य साजिशकर्ता हैं। दोनों आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से चोरी किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल किया। इन नंबरों से क्षेत्र के व्यवसायियों को फोन कर रंगदारी मांगी जाती थी और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया जाता था।
पुलिस की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह के अन्य सदस्य योजनाबद्ध तरीके से मोबाइल फोन की चोरी करते थे। जपला के मकबरा रोड पुरानी बाजार निवासी शुभम केशरी और अमन कुमार चौरसिया हुसैनाबाद रेलवे स्टेशन के आसपास नशे में धुत लोगों को निशाना बनाते थे। मौका पाकर वे उनके मोबाइल फोन चोरी कर लेते थे और बाद में इन मोबाइलों को मुख्य आरोपियों तक पहुंचा दिया जाता था। इन्हीं मोबाइल और सिम कार्ड का उपयोग रंगदारी मांगने में किया जाता था, ताकि उनकी पहचान उजागर न हो सके।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविशंकर कुमार सिंह, शुभम केशरी और अमन कुमार चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।फिलहाल फरार आरोपी प्रिंस कुमार मेहता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की भी पहचान की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।