हरिहरगंज में बाइक-ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर, युवक गंभीर घायल

हरिहरगंज थाना क्षेत्र के स्वामी इंडियन पेट्रोल पंप के समीप एनएच-139 फोरलेन पर सोमवार को बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस की तत्परता से घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरिहरगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल युवक की पहचान औरंगाबाद जिले के अंबा थाना क्षेत्र के ढूंढा गांव निवासी रामदयाल राम के 22 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रिंस कुमार अपने दो साथियों के साथ बाइक से तेंदुआ गांव स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने जा रहा था। इसी दौरान एनएच-139 फोरलेन पर बने डिवाइडर के पास विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के बाद मौके पर गश्त कर रही हरिहरगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रॉली को घटनास्थल पर छोड़कर इंजन लेकर फरार हो गया। सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि दुर्घटना में घायल युवक के बाएं कंधे और पैर में फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।