हिजबुल के आतंकियों को आज भी पाल रहा पाकिस्तान
जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान ही आतंकियों को भेज रहा है, इसका पुख्ता सबूत सामने आया है. पाकिस्तान आज भी हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकियों को पाल रहा है, क्योंकि हिजबुल मुजाहिद्दीन के डिप्टी कमांडर शमशीर खान ने पाकिस्तान में बैठकर खुलेआम इंटरव्यू दिया है. फिलहाल, यह इंटरव्यू किस स्थान से दिया गया है, यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन यह हाल का ही है. शमशीर खान का इंटरव्यू ‘जेके बोल’ नाम के डिजिटल चैनल ने लिया है. इसमें वह बता रहा है कि किस तरह से उसका संगठन कश्मीर में दशकों से काम करता रहा है.
शमशीर खान ने बताया कि हिजबुल मुजाहिद्दीन जिले भारत आतंकवादी संगठन बताता है, उसके आका बुरहानवानी को पाकिस्तान की सरकार ने संयुक्त राष्ट्र में हीरो बनाकर पेश किया. शमशीर ने कहा कि यह कोई छोटी बात नहीं है. इस दौरान देखने में आया कि आतंकी भी भारत को बड़ी ताकत मान रहा है. उसने कहा कि भारत आज सेना के स्तर पर और अन्य मामलों में भी दुनिया की बड़ी ताकत है, उससे लड़ना इतना आसान नहीं हैं, लेकिन हम लड़ रहे हैं.
