हीरादह धाम मंदिर परिसर में दो जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बंधे वैवाहिक बंधन में
हीरादह धाम मंदिर परिसर में दो जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बंधे वैवाहिक बंधन में
समिति के पदाधिकारियों व ग्रामीणों की मौजूदगी में संपन्न हुआ शुभ विवाह समारोह, नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
गुमला (रायडीह) – गुमला जिले के रायडीह प्रखंड स्थित हीरादह धाम मंदिर परिसर में शनिवार को दो जोड़ों का सामूहिक विवाह धूमधाम के साथ संपन्न कराया गया। यह आयोजन श्री रामरेखा धाम द्वारा संचालित श्री हिंदू धर्म रक्षा उपकेंद्र, हीरादह धाम के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता हीरादह धाम समिति के अध्यक्ष सूरज सिंह ने की। इस अवसर पर दो जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न कराया गया। इसमें रवि नायक का विवाह भारती कुमारी (करौंदी, गुमला) के साथ तथा जितेंद्र हजाम का विवाह सोनिया तिग्गा (मांझाटोली, रायडीह) के साथ कराया गया।
मंदिर परिसर में पंडितों और पुरोहितों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों जोड़ों ने सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। विवाह समारोह में वर-वधु के परिजनों के साथ हीरादह धाम समिति के पदाधिकारी, सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
समिति के संरक्षक अशोक सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में भगवान को साक्षी मानकर विवाह संपन्न कराना अत्यंत पुण्य और सौभाग्य की बात है। विवाह के सात फेरे पति-पत्नी को जीवनभर एक पवित्र सूत्र में बांधते हैं और उन्हें एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं।
इस अवसर पर हीरादह धाम समिति के अध्यक्ष सूरज सिंह, संरक्षक अशोक सिंह, सदस्य यदुनाथ सिंह, रंजीत नाग, मुकेश सिंह, विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल गुमला विभाग के विभाग संयोजक, जिला संपर्क प्रमुख अमित कुमार, संरक्षक सुनील पाठक, हीरादह धाम के पुजारी केदारनाथ मिश्रा, पुरोहित चंदन कुमार दास सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद थे।
समारोह का माहौल पूरी तरह उत्सवमय रहा। विवाह के बाद उपस्थित लोगों ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके दांपत्य जीवन की सुख-समृद्धि की कामना की।

