गुमला में हाथी का फिर तांडव: घर तोड़ा, अनाज खाया; ग्रामीणों में दहशत

गुमला में हाथी का फिर तांडव: घर तोड़ा, अनाज खाया; ग्रामीणों में दहशत

भरनो (गुमला ) -गुमला जिले के भरनो प्रखंड अंतर्गत करंज थाना क्षेत्र के सरगांव गांव में जंगली हाथी का आतंक लगातार जारी है। बीती रात एक हाथी ने सुना उरांव के मिट्टी के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया और घर के अंदर रखे गेहूं व चावल को भी खा गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग बसिया के वनपाल शेखर सिंह अपनी टीम के साथ देर रात ही मौके पर पहुंचे और मशाल जलाकर हाथी को सरगांव जंगल की ओर खदेड़ दिया। वनपाल शेखर सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम हाथी के मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
इधर पीड़ित सुना उरांव ने घर को हुए नुकसान को देखते हुए वन विभाग से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही सरगांव पतराटोली में हाथी ने चंदन उरांव के घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। उस घटना में घर की दीवार गिरने से उसकी दुधमुंही बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि उसकी पत्नी सुषमा उरांव घायल हो गई थी।
लगातार हो रही इन घटनाओं से सरगांव और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। हाथी के डर से ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं और वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।